सड़क और स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली ने ली किशोर की जान, सर्पदंश से 16 वर्षीय सूरज कुमार की मौत


 मधेपुरा:

जिले के चौसा प्रखंड अंतर्गत फुलौत पंचायत पश्चिम के वार्ड संख्या 10 (पनदही बासा ) निवासी राजेश मेहता के 16 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की शाम करीब 3 बजे सूरज कुमार अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान उसके बाएं हाथ में सांप ने काट लिया। परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए स्थानीय सरकारी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन वहां सर्पदंश के उपचार की समुचित व्यवस्था और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं।

स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे आलमनगर अस्पताल भेजा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मधेपुरा रेफर कर दिया गया। परिजन जब तक उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, तब तक काफी देर हो चुकी थी। जांच के बाद चिकित्सकों ने सूरज को मृत घोषित कर दिया।



ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र की जर्जर सड़कें और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी इस दर्दनाक घटना के प्रमुख कारण हैं। उनका कहना है कि यदि समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध होता और सड़क की स्थिति ठीक रहती, तो शायद किशोर की जान बचाई जा सकती थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा भेज दिया। मृतक सूरज कुमार दो भाइयों और चार बहनों में सबसे बड़ा था। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल है।

 रणवीर सिंह की खास रिपोर्ट🙏🙏

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ